धौलपुर , अक्टूबर 06 -- राजस्थान के धौलपुर जिले में राजाखेड़ा उपखंड के दिहौली थाना क्षेत्र के मनीराम का पुरा में माखन दास बाबा मंदिर के भंडारे में कथित दूषित भोजन करने से 40 से अधिक लोग बीमार हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भंडारे में भोजन के बाद पेट दर्द, बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी और सोमवारदेर रात कई बीमार ग्रामीणों को जिला अस्पताल धौलपुर लाया गया।

माखन दास बाबा मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था और भंडारे का भोजन बाहर से बनवाकर प्रसादी के रूप में वितरित किया गया था। दोपहर में भोजन करने के बाद शाम होते-होते लोगों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई।

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मनीराम का पुरा गांव पहुंची और गांव में ही उपचार शुरू किया। जिनकी तबीयत ज्यादा खराब थी, उन्हें देर रात 11 बजे जिला अस्पताल रेफर किया गया।

फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भोजन के नमूने की जांच करवा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित