सरगुजा , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के धौलपुर क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने अचानक सांप्रदायिक रंग ले लिया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में युवकों को हिरासत में लिया है और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर नियंत्रण स्थापित किया है।

सरगुजा रेंज आईजी दीपक झा ने बताया- विवाद की शुरुआत एक साधारण झगड़े से हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। इसी बीच 05 अप्रैल को दोबारा क्षेत्र से तनाव की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

आईजी दीपक झा के ही मुताबिक,पहले एक पक्ष द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की। बाद में फिर से सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस बल भेजा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवाद उस समय बढ़ा जब एक रसूखदार परिवार के युवक ने कथित तौर पर बड़ी संख्या में स्थानीय युवकों को एकत्रित कर डूमरडीह इलाके में एक ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि इससे पहले ऑटो चालक और धौलपुर राज परिवार के एक सदस्य के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद बदले की भावना से यह हमला किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित