नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने स्टीवन फ़्लेमिंग के चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 18 साल का साथ समाप्त होने को अदभुत बताया है, लेकिन साथ ही उन्होंने ये भी कहा है कि अब सही समय आ गया था कि सीएसके दूसरे रास्ते पर जाए।
मंगलवार को फ्रेंचाइजी ने घोषणा की थी कि वे अब आपसी सहमति से फ़्लेमिंग के साथ करार समाप्त कर रहे हैं जो उनके अन्य फ्रेंचाइज़ियों टेक्सस सुपर किंग्स (मेजर लीग क्रिकेट) और जोबर्ग सुपर किंग्स (एसए20) के भी कोच थे। फिलहाल उनकी जगह लेने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति का नाम सामने नहीं आया है।
अश्विन ने क्रिकइंफो से कहा, "फ़्लेमिंग ने वास्तव में वह समझा कि क्या एमएस धोनी को पसंद है और धोनी ने यह समझा कि फ़्लेमिंग अच्छे नायक हैं और इसीलिए ये साझेदारी इतनी लंबी चली। मैं कहूंगा कि अब समय आ गया था कि सीएसके आगे देखे।"उन्होंने कहा,"यदि धोनी वह करने के इच्छुक हैं (कोच बनने के) तो उनसे बेहतर विकल्प सीएसके के पास कुछ और नहीं है। यदि ऐसा नहीं है तो उन्हें किसी ऐसे व्यक्ति को खोजना होगा जो स्वतंत्र रूप से काम कर सके और अपने एक्शन की पूरी जिम्मेदारी ले सके।"अश्विन को लगता है कि नए कोच का काम आसान नहीं रहने वाला है क्योंकि उसे अपना काम करने के साथ ही ख़ुद को धोनी की छाया से भी बचाना होगा। धोनी का 2027 में खेलना फिलहाल साफ़ नहीं है। 2026 सीज़न में चोट के कारण वह एक भी मैच नहीं खेल सके और पूरे सीज़न फ्रेंचाइज़ी ने उनकी चोट पर कुछ खुलकर नहीं बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित