हरिद्वार , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के थाना सिडकुल पुलिस ने धोखाधड़ी के एक इनामी आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी पिछले साल से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को सिडकुल क्षेत्र स्थित एक कंपनी की खिड़़की तोड़कर करीब चार लाख पीस सिल्वर सीट चोरी करने के मामले में थाना सिडकुल में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने नितिन और आकाश उर्फ रोबिन को चोरी किए गए माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद आकाश उर्फ रोबिन फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, साथ ही न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।

सिडकुल पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश तेज की और अंततः उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आज अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित