संगरूर , अक्टूबर 07 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को धूरी विधानसभा क्षेत्र के बरड़वाल गांव में 47.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 14 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र की आधारशिला रखी।

उन्होंने कहा कि संयंत्र से नहर के पानी को शोधित कर धूरी शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

श्री मान ने कहा कि परियोजना पूरी होने पर धूरी के करीब 85 हजार लोगों को बेहतर जलापूर्ति सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य शहर की वर्तमान और भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के साथ भूजल पर निर्भरता कम करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार गिरता भूजल स्तर गंभीर चिंता का विषय है और सरकार नहर के पानी के अधिकतम एवं विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दे रही है। उनके अनुसार, पिछले चार वर्षों में कृषि क्षेत्र में नहर के पानी की पहुंच 22 प्रतिशत से बढ़कर 88 प्रतिशत हो गई है। इस दौरान करीब 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में नहर के पानी की उपलब्धता बढ़ी है, वहां धान की पैदावार में प्रति एकड़ चार क्विंटल तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि नहर के पानी का उपयोग बढ़ाने से भूजल संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

श्री मान ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी जरूरत और अधिकार है तथा दूषित पानी कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और धूरी की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित