हरिद्वार, मार्च 20 -- फिल्म धुरंधर-2 को लेकर जारी विवाद अब संत समाज तक पहुंच गया है। प्रयागराज के पूर्व सांसद अतीक अहमद और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े कथित संबंधों को फिल्म में दिखाए जाने पर सियासी और सामाजिक प्रतिक्रियाएं लगातार तेज हो रही हैं।

इस बीच काली सेना के अध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप ने फिल्म का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यदि फिल्म में अतीक अहमद के आपराधिक और देशविरोधी कनेक्शन को दर्शाया गया है, तो यह समाज को सच्चाई से अवगत कराने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि सच्चाई हमेशा कड़वी होती है और कुछ लोग इसे स्वीकार नहीं कर पाते। जब समाज में अपराध और भय का माहौल था, तब कई लोग चुप रहे, लेकिन अब फिल्म के जरिए सच सामने आने पर विरोध किया जा रहा है।

स्वामी आनंद स्वरूप ने विरोध को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि अपराध का अंत हमेशा बर्बादी में होता है। उन्होंने फिल्मकारों से अपील की कि वह बिना किसी दबाव के ऐसे विषयों को उठाएं, जिससे समाज को सही दिशा में जागरूक किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित