देवरिया , मार्च 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने रविवार को कहा कि रणवीर सिंह अभिनीत बालीवुड फिल्म धुरंधर 2 ने देश विरोधी ताकतों के कामकाज को उजागर करने का काम किया है जो सराहनीय है। यह फिल्म राष्ट्र भक्त युवाओं को जरुर देखना चाहिये।
श्री त्रिपाठी ने यहां आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उन्होंने भी फिल्म देखी है और लोगों को इसे देखना चाहिए। उनके अनुसार फिल्म में दिखाया गया है कि देश विरोधी ताकतें किस प्रकार सक्रिय रहती हैं और उनके तौर-तरीकों का पर्दाफाश किया गया है।
फिल्म में पूर्व माफिया-राजनेता अतीक अहमद से जुड़े कथित आईएसआई कनेक्शन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर वह टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन फिल्म में कुछ तथ्य और कुछ काल्पनिक बातें भी हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ काम करने वाली शक्तियां सक्रिय हैं और उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ताकतें प्रभाव डालने की कोशिश करती रही हैं। उन्होंने आगामी चुनावों के मद्देनजर जनता से सतर्क रहने और ऐसी शक्तियों का मिलकर मुकाबला करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि फिल्म में अतीक अहमद से प्रेरित किरदार को दिखाते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने के दावे को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित