दुबई , मई 16 -- वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में पाकिस्तान के आठ अंक काट लिए गए हैं। ढाका में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में पाकिस्तान तय समय से आठ ओवर पीछे रहा था। साथ ही इस मुकाबले में टीम को 104 रन से हार मिली थी।

अंक कटने के बाद पाकिस्तान डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में एक स्थान नीचे खिसक गया है और अब टीम आठवें नंबर पर है। उसके पास सिर्फ़ चार अंक हैं। इतने ही अंक नौवें स्थान पर मौजूद वेस्टइंडीज़ के भी हैं, लेकिन प्रतिशत अंक के मामले में पाकिस्तान आगे है। पाकिस्तान के 11.11 प्रतिशत अंक हैं, जबकि वेस्टइंडीज़ के पास 4.17 अंक हैं।

इंग्लैंड इस बदलाव से ऊपर चढ़ गया है, लेकिन ढाका टेस्ट में मिली जीत ने बांग्लादेश को इंग्लैंड से ऊपर छठे स्थान पर पहुंचा दिया है।

मैच रेफ़री जेफ़ क्रो ने आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह सज़ा दी। यह नियम न्यूनतम ओवर रेट से जुड़े मामलों पर लागू होता है। इसके तहत तय समय में हर ओवर कम फेंकने पर खिलाड़ियों की मैच फ़ीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। साथ ही टीम का एक डब्ल्यूटीसी अंक भी काट लिया जाता है।

मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में धीमी ओवर रेट के कारण अंक गंवाने वाली पाकिस्तान दूसरी टीम बनी है। इससे पहले पिछले साल जुलाई में भारत के ख़िलाफ़ लॉर्ड्स टेस्ट के बाद इंग्लैंड के दो अंक काटे गए थे। उस सज़ा के बाद इंग्लैंड के अंक 24 से घटकर 22 हो गए थे और उसकी प्रतिशत अंक संख्या 66.67 से गिरकर 61.11 हो गई थी। इसके चलते टीम दूसरे से तीसरे स्थान पर पहुंच गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित