चंडीगढ़ , जून 22 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य गांवों में भी शहरों की तर्ज पर आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

इसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी जिले के धिराणा गांव में नये उप स्वास्थ्य केंद्र (सब-हेल्थ सेंटर) की स्थापना को प्रशासनिक मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 55.49 लाख रुपये खर्च किये जाएंगे। केंद्र में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, दवाइयां और मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सुश्री राव ने बताया कि नये स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना स्थानीय जरूरतों और जनता की मांग के आधार पर की जा रही है। सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार उन क्षेत्रों तक पहुंचाना है, जहां अभी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित