बैतूल , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने अंतर-जिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य धार जिले के टांडा क्षेत्र से वाहन से बैतूल आते थे और दिन में सूने मकानों की रेकी करने के बाद रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन, तीन हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में हुई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष पिता ठाकुर सिंह वसूनिया (23), निवासी धार के रूप में हुई है। पूछताछ में सारणी थाना क्षेत्र में तीन चोरी की वारदातों के अलावा अन्य जिलों में भी घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक 02 अगस्त की रात पाथाखेड़ा की सतपुड़ा कॉलोनी में संजय शर्मा और दयालाल मेहरा के सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। इसके बाद 09 अगस्त की रात रेस्क्यू कॉलोनी में राहुल धुर्वे के मकान से करीब 95 हजार रुपये कीमत के आभूषण और घड़ी चोरी की गई।
घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस सूत्रों के आधार पर मनीष को 10 अगस्त को धार जिले से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिनेश वसूनिया, मानसिंह उर्फ मान्या, सुरपसिंह मोहनिया, रेवसिंह मोहनिया और छगन वसूनिया के साथ वाहन क्रमांक एमपी-13-जेडएस-4936 से बैतूल आया था। पुलिस के अनुसार गिरोह 10 से 15 दिन के लिए चोरी के उद्देश्य से निकलता था। दिन में मकानों की रेकी और रात में ताले तोड़कर वारदात के बाद तत्काल क्षेत्र छोड़ देता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने मुलताई क्षेत्र के खाटू श्याम मंदिर की दान पेटी तथा छिंदवाड़ा और सिवनी जिले में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इन मामलों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपी मानसिंह उर्फ मान्या पर 10 हजार और दिनेश वसूनिया पर भी 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि टांडा क्षेत्र के इसी गिरोह से जुड़े सदस्यों ने 2017 में मुलताई में डकैती और 2021 में बड़वानी में बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि इन मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कार्रवाई में सारणी थाना प्रभारी जयपाल इनवाती सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित