धार , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में अज्ञात बदमाशों ने एक शराब कारोबारी के घर पर पथराव कर दो चार पहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र की कैलाश नगर कॉलोनी स्थित शराब ठेकेदार विकास सिंह ठाकुर के निवास पर शुक्रवार देर रात कुछ बदमाश पहुंचे और घर पर पथराव कर पार्किंग में खड़े दो वाहनों को नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शराब कारोबारी विकास सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरदारपुर क्षेत्र में अवैध शराब सप्लाई करने वाला विशाल उर्फ सूरज ठाकुर इस घटना के पीछे हो सकता है। उनके अनुसार दो दिन पहले सरदारपुर स्थित उनकी शराब कंपनी के कार्यालय में भी विशाल ठाकुर और उसके साथियों ने तोड़फोड़ और मारपीट की थी। उस मामले में शिकायत की गई थी, लेकिन रिश्तेदारों के समझाने पर प्रकरण दर्ज नहीं कराया गया।
ठाकुर का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते आरोपित अपने साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर धार स्थित उनके घर पहुंचा और पथराव किया। उन्होंने बताया कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
कोतवाली थाना प्रभारी ईश्वर चौहान ने बताया कि घर और वाहनों पर पथराव की घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित