धार , मई 30 -- मध्य प्रदेश के धार जिले में अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंधवानी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गंधवानी के समीप बारिया गांव में चल रही एक मिनी अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में हथियार और उन्हें बनाने की सामग्री जब्त कर मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से ग्राम बारिया की ब्लॉक कॉलोनी में अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम को पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी रोहित (25) पुत्र भजनसिंह बरनाला को उसके घर के पीछे अवैध रूप से देसी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बनाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित