धार , मार्च 25 -- मध्य प्रदेश के धार जिले की कुक्षी तहसील के टांडा क्षेत्र में बीयर से भरे ट्राला को अज्ञात बदमाशों ने लूट लिया। पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाकर ट्राला और बीयर की पेटियां बरामद कर ली हैं तथा एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने ट्राला चालक की आंखों पर पट्टी बांधकर उसके साथ मारपीट की और वाहन को जंगल की ओर ले गए। इस दौरान ट्राला में लगे जीपीएस सिस्टम को भी बंद कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार ट्राला क्रमांक एमपी 09 एचएच 6512 में इंदौर के वेयरहाउस से 1300 पेटी बीयर लोड की गई थी, जिसे धार होते हुए अलीराजपुर जिले के चांदपुर ले जाया जा रहा था। चालक करण सिंह के पास बीयर परिवहन के वैध दस्तावेज मौजूद थे।
घटना रात करीब ढाई बजे टांडा थाना क्षेत्र के जैतगढ़ घाटी के पास हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने ट्राला रोककर चालक के साथ मारपीट की और उसे सड़क पर छोड़कर वाहन लेकर फरार हो गए।
जीपीएस सिग्नल बंद होने की सूचना मिलने पर संबंधित कंपनी के कर्मचारियों ने टांडा पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी संजय रावत के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल सर्चिंग अभियान शुरू किया और धयडी गांव के पास ट्राला बरामद कर लिया।
पुलिस के पहुंचने पर बदमाश ट्राला से बीयर उतारकर एक पिकअप वाहन में भर रहे थे, लेकिन पुलिस को देखकर फरार हो गए। इस दौरान नुरु पिता गट्टू निवासी धयडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के कहने पर लूट की योजना बनाने की बात कही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित