धार , फरवरी 3 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम कडमाल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के आठ दिन बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा।
घटना 30 जनवरी को सामने आई थी जब पीड़िता परिजनों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर खेत में दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गौतम पिता पुनमचंद्र (उम्र 21 वर्ष) गांव के टीनशेड पर बस का इंतजार कर रहा है और गुजरात भागने की फिराक में है। टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राजेश यादव, चौकी प्रभारी रवि वास्के, सउनि शंकरसिंह तोमर, सउनि भुवान चौहान, सउनि थानसिंह जमरा, प्रधान आरक्षक प्रकाश और आरक्षक थानसिंह बड़ोले का विशेष योगदान रहा। थाने की कार्यवाही पूरी होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित