धार , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के धार में कोतवाली पुलिस ने त्रिमूर्ति नगर क्षेत्र में महिला से हुई चेन झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को त्रिमूर्ति नगर निवासी एक महिला से अज्ञात बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। शिकायत पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, क्राइम ब्रांच धार और थाना धामनोद की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के आधार पर पुलिस ने मनीष पिता राकेश भाभर निवासी नयापुरा मानपुर, संजय पिता रामप्रसाद गिरवाल निवासी ग्राम जुलवानिया मानपुर और कमल पिता बद्रीलाल चौहान निवासी दौलतनगर धार को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने थाना धामनोद क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन और पेंडल तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में क्राइम ब्रांच धार, थाना कोतवाली और थाना धामनोद की संयुक्त टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित