धार , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में रबी उपार्जन शुरू होने से पहले ही गेहूं खरीदी की तारीख में बदलाव से किसान परेशान नजर आ रहे हैं। बेमौसम बारिश के बीच खरीदी में देरी और स्लॉट बुकिंग पोर्टल बंद होने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
जिले के करीब 45 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, लेकिन अब तक गेहूं के लिए स्लॉट बुकिंग शुरू नहीं हो पाई है। किसानों को यह तक जानकारी नहीं मिल पा रही कि उन्हें किस केंद्र पर और कब अपनी उपज लेकर पहुंचना है। प्रशासन द्वारा 66 खरीदी केंद्र घोषित किए जाने के बावजूद पोर्टल पर एक भी केंद्र ऑनलाइन दिखाई नहीं दे रहा है। फिलहाल केवल चना और मसूर की स्लॉट बुकिंग जारी है।
भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री अमोल पाटीदार ने बताया कि नियमानुसार किसानों को कम से कम तीन दिन पहले स्लॉट बुकिंग की सुविधा मिलनी चाहिए थी, ताकि वे अपनी सुविधा के अनुसार केंद्र और तारीख तय कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि स्वीकृत केंद्रों पर बारदाना, मशीन, पानी, टेंट और शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं भी अभी अधूरी हैं।
मौसम में बदलाव के चलते परेशानी और बढ़ गई है। हाल ही में क्षेत्र में बादल छाने और कुछ स्थानों पर बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि हर साल 15 मार्च से खरीदी शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार करीब 25 दिन की देरी हो चुकी है।
इस बार खरीदी प्रक्रिया को सख्त बनाते हुए गोदाम परिसर और उसके 25 किलोमीटर दायरे के किसानों से ही खरीदी का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी, कंप्यूटर और इंटरनेट की अनिवार्यता रखी गई है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे।
किसानों का कहना है कि खरीदी में देरी के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। फसल तैयार होने के बावजूद उसे सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे वे मजबूरी में अपनी उपज कम दाम पर बेचने को विवश हो रहे हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीराम वर्डे ने बताया कि गेहूं खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और स्लॉट बुकिंग की लिंक भोपाल स्तर से जल्द शुरू की जाएगी। जहां-जहां व्यवस्थाओं में कमी है, वहां तेजी से कार्य किया जा रहा है और निर्धारित समय पर खरीदी शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित