धार , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के धार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के नवनियुक्त शहर एवं ब्लॉक अध्यक्षों के पदभार ग्रहण समारोह के अवसर पर मंगलवार को तीन किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने नेताओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत त्रिमूर्ति चौराहे पर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद निकली बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंची। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष राजेश पटेल, पीथमपुर शहर अध्यक्ष रूपसिंह छड़ोड़ी, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष स्वप्निल शर्मा, दिग्ठान मंडल अध्यक्ष नानूराम चौधरी तथा तिरला ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद पाटीदार ने पदभार ग्रहण किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, समर्पित कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देना और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता का आधार है। समारोह में विधायक भंवर सिंह शेखावत, प्रताप ग्रेवाल, धीरज दीक्षित, पारितोष सिंह राठौर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित