धार , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं की संख्या में कमी को लेकर जिला कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने दावा किया कि पुनरीक्षण के बाद धार जिले में 1,01,836 मतदाताओं की संख्या कम हुई है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्रवार विवरण सार्वजनिक करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जोशी ने पार्टी की ओर से प्रस्तुत आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि एसआईआर से पहले मध्यप्रदेश में 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 मतदाता दर्ज थे, जबकि अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 रह गई। उनके अनुसार, प्रदेश में कुल 34 लाख 25 हजार 78 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई है।
जोशी ने बताया कि धार जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में पुनरीक्षण से पहले 17 लाख 963 मतदाता थे, जबकि बाद में यह संख्या घटकर 15 लाख 99 हजार 127 रह गई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज में हस्तक्षेप कर रही है।
पत्रकार वार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों और उनके इस्तीफे की मांग का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा, जवाबदेही सुनिश्चित करने और मतदाता सूची से जुड़े निर्णयों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
जोशी ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत गांवों में चौपाल, घर-घर संपर्क और बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित मतदाताओं की पहचान कर उनकी शिकायतों का दस्तावेजीकरण करेंगे तथा पात्र नागरिकों को नाम जुड़वाने, संशोधन और अपील की प्रक्रिया में सहायता देंगे।
उन्होंने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली आयोजित होगी, जिसमें धार जिले के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस निर्वाचन प्रभारी पंकज लोधा, धीरज दीक्षित, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पटेल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित