धार , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में राजगढ़ थाना पुलिस ने धार-झाबुआ सीमा के ग्राम चौबारा के दुर्गम वन क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती का खुलासा कर 3,345 पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 3,695 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 43 लाख रुपये है। मामले का मुख्य आरोपी राजू भूरिया फरार है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में नशामुक्ति अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को चौबारा के जंगल में गांजे की खेती होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने लगातार दो दिन तक दिन-रात सर्चिंग अभियान चलाया।
पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में कपास तथा तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे छिपाकर उगाए गए थे। कुछ पौधे आठ फीट तक ऊंचे हो चुके थे। ठिकाने का पता लगाने के लिए पुलिस ने ड्रोन की मदद ली। पौधों को काटने और उनकी गिनती करने में भी टीम को दो दिन लगे।
पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू पिता डूंगर सिंह भूरिया के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में वन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का लाभ लेकर वहां गांजे की खेती किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि अवैध कारोबार में अन्य लोग या कोई नेटवर्क शामिल है या नहीं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी समीर पाटीदार, उपनिरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र सांखला और सैयद अहमद सहित पुलिसकर्मियों तथा सैनिकों की टीम शामिल रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित