बारां , जून 24 -- राजस्थान में बारां में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) की बारां जिला इकाई ने पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर के सीमाई क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों को ध्वस्त किये जाने की घटनाओं के विरोध में राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इससे पूर्व पार्टी कार्यकर्ता अंजुमन चौराहे पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।

ज्ञापन में जिलाध्यक्ष अब्दुल अजीज ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर की जाने वाली कार्रवाई से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं औेर सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। उन्होंने संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और सभी धार्मिक स्थलों के प्रति समान एवं न्यायसंगत नीति अपनाने की मांग की।

ज्ञापन में प्रशासनिक कार्रवाई संविधान एवं विधिसम्मत प्रक्रियाओं के अनुरूप किये जाने और सभी समुदायों के धार्मिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने की बात कही गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित