कोलकाता , अप्रैल 23 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए शरणार्थियों की नागरिकता सुरक्षित रहेगी और उन्हें इसके लिए आशंकित होने की आवश्यकता नहीं है।

श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण के दौरान नदिया जिले के कृष्णनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए शरणार्थी समुदायों को नागरिकता सुरक्षा का आश्वासन दिया और महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद नागरिकता संशोधन प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिससे पात्र लोगों को सभी अधिकार और सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने विशेष रूप से मतुआ और नामशूद्र समुदायों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समुदायों को डरने की आवश्यकता नहीं है और सरकार उनके अधिकारों की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा,"मैं यहां एक वादा करने आया हूं। किसी भी शरणार्थी परिवार को तृणूल से डरने की ज़रूरत नहीं है, चाहे वह मतुआ परिवार हो या नामशूद्र परिवार। जो लोग धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए हैं, मोदी उनके साथ हैं। राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद, सीएए की प्रक्रिया तेज़ की जाएगी। आपको वे सभी दस्तावेज़ और सुविधाएं मिलेंगी, जिनके आप एक भारतीय नागरिक के तौर पर हकदार हैं।"श्री मोदी ने महिलाओं के मुद्दे पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार करते हुए दस गारंटियों की घोषणा की, जिनमें प्रत्येक प्रखंड में महिला ना, पुलिस बल में महिलाओं की भर्ती बढ़ाना, 'मातृ शक्ति भरोसा कार्ड' के तहत 36 हजार रुपये की सहायता, महिलाओं की शिक्षा के लिए 50 हजार रुपये और गर्भवती महिलाओं के लिए 21 हजार रुपये की सहायता शामिल है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आने पर बच्चों के लिए 36000 रुपए की सहायता देगी, ताकि उन्हें सही पोषण मिल सके। श्री मोदी ने सुकन्या समृद्धि योजना, मुद्रा लोन, आयुष्मान भारत एवं पीएम आवास योजना के विस्तार का भी वादा किया।

श्री मोदी ने चुनावी माहौल को अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण बताते हुए चुनाव आयोग की भूमिका की सराहना की और कहा कि चुनाव प्रक्रिया में विश्वास स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा, "पिछले 50 सालों में यह ऐसा चुनाव है, जिसमें हिंसा न के बराबर हुई है। पहले हत्याएं होती थीं और उन्हें आत्महत्या बता दिया जाता था। अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार यह चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। मैं चुनाव प्रक्रिया में विश्वास कायम करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं।"उन्होंने कहा कि जहां भी मतदान प्रतिशत अधिक होता है, वहां भाजपा को लाभ मिलता है और पश्चिम बंगाल में भी ऐसा ही परिणाम देखने को मिलेगा।

श्री मोदी ने अब वायरल हो चुके "झालमुड़ी" वाले किस्से का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, "मैंने सुना है कि झालमुड़ी ने कुछ लोगों को झटका दिया है। मैंने तो झालमुड़ी खाई थी, लेकिन 'झाल' (तीखापन) तृणमूल को लगा।"सभा के दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित