पौड़ी , मई, 16 -- उत्तराखंड में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकसित किए जा रहे धारीदेवी-कमलेश्वर-देवलगढ़-खिर्सू-क्यूंकालेश्वर-पौड़ी पर्यटन सर्किट के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में श्री रावत ने शनिवार को पैठाणी स्थित राहु मंदिर और पर्यटन सर्किट से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बैठक के दौरान डॉ. रावत ने पैठाणी स्थित राहु मंदिर परिसर में घाट, पार्किंग एवं हेलीपैड निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही धारी देवी, देवलगढ़, खिर्सू और कंडोलिया पौड़ी पर्यटन सर्किट के शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि धारी देवी, खिर्सू, क्यूंकालेश्वर और कंडोलिया क्षेत्र के अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। वहीं कमलेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है तथा देवलगढ़ में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित