पिथौरागढ़ , नवंबर 07 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में महिला की हत्या के आरोप में उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
पिथौरागढ़ पुलिस ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 06 नवंबर को खोतिला पुल के पास एक महिला का शव मिला था।
सूचना पर कोतवाली धारचूला पुलिस वरिष्ठ उप निरीक्षक अंबी राम आर्य की अगुवाई में मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में ले लिया।
मृतका की पहचान मीनू लोहार (35) के रूप में हुई। शव पर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मीनू करीब तीन साल पहले नेपाल निवासी अपने पति मोहन राम से अलग होकर खोतिला निवासी देवराज नबियाल के साथ रह रही थीं।
पुलिस टीम ने देवराज के घर की जांच की तो बेड और फर्श पर खून के निशान मिले। मृतका के बेटे की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित