ऊधमसिंह नगर, 17 मई (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने रविवार को ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज के शक्तिफार्म में सिसौना नदी पर बनने वाले शक्तिफार्म-सिडकुल संपर्क पुल का शिलान्यास किया। लगभग 11.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा।

शक्तिफार्म पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पुल बनने के बाद शक्तिफार्म से सिडकुल सितारगंज और विकासखंड सिसौना तक पहुंचने की दूरी करीब 9 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे समय और ईंधन की बचत के साथ आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म क्षेत्र में पीपीपी मॉडल पर आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई, प्रह्लाद पलसिया में करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सीएचसी में उच्चीकरण तथा सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क परियोजना पर कार्य जारी है।

ऊधमसिंह नगर जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण प्रगति पर है। पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, खटीमा और गदरपुर बाईपास, विभिन्न खेल सुविधाओं, औद्योगिक परियोजनाओं और चारलेन सड़कों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, सख्त नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और समान नागरिक संहिता जैसे फैसलों को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक संरचना की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित