रामनगर , जुलाई 05 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर 29.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे धनगढ़ी पुल का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धनगढ़ी पुल कुमाऊँ और गढ़वाल के बीच विकास की नई कड़ी है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में जलस्तर बढ़ने से वर्षों से आवागमन बाधित होता था लेकिन अब इस पुल के बनने से लोगों को सालभर सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह पुल विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान का प्रमुख प्रवेश मार्ग होने के साथ ही नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर स्थित है। इससे पर्यटन, व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि धनगढ़ी पुल के निकट 18.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पनौद पुल का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे भी जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पुल क्षेत्र के विकास और सुरक्षित आवागमन की मजबूत आधारशिला साबित होंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि पुल के निर्माण से बरसात में मार्ग बंद होने की समस्या समाप्त होगी और चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं तथा जिम कॉर्बेट आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने गर्जिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने नव निर्मित पुल का पैदल निरीक्षण किया और कॉर्बेट क्षेत्र की सीमा पर वन्यजीवों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायकगण दीवान सिंह बिष्ट, महेश जीना, प्रमोद नैनवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित