देहरादून , जून 01 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार रात अर्ध कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के साथ ही राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के तहत बाढ सुरक्षा कार्यो, विभिन्न सड़कों एवं शासकीय आवासों के निर्माण तथा सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के लिए कुल 191 करोड़ रुपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की।

श्री धामी ने जनपद देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत प्रभावित क्षेत्र में सांग नदी के चैनलाईलेशन को 3.62 करोड़, विकासनगर कॉलोनी में नलकूप निर्माण को 63.62 लाख रूपये स्वीकृत किये जाने के साथ ही जनपद हरिद्वार में पुराना दिल्ली नीतिपास राज्य मार्ग एवं हरिद्वार, शहर लोक निर्माण विभाग के अधीन अन्य आन्तरिक मार्गाे के निर्माण को 21.64 करोड रूपये स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के अन्तर्गत बाह्रय न्यायालय नरेन्द्रनगर में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए टाईप-2 के 09 आवासों एवं टाईप-3 के 02 आवासो के प्रथम चरण के कार्यों के लिए लागत 5.42 लाख, राजकीय विशेष गृह, हरिद्वार परिसर में राजकीय सुरक्षा का स्थान भवन के निर्माण कार्य के लिए 5.55 करोड़, पर्यटन विभाग के अन्तर्गत, जनपद नैनीताल के विकासखण्ड रामगढ़ में मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण को 9.89 करोड़, कारागार विभाग के अर्न्तगत, सम्पूर्णानन्द शिविर, सितारगंज को पुरानी गौशाला के टिन शैड के निर्माण के लिए धनराशि 32.74 लाख तथा विधानसभा क्षेत्र सितारगंज के अन्तर्गत निर्माणाधीन पर्वतीय विकास भवन के अवशेष कार्यों को पूर्ण करने को 80 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत किये जाने के साथ ही जनपद बागेश्वर में काण्डा क्षेत्र के अन्तर्गत मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण को 5.41 करोड़ रुपए स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पावर कॉरपोरेशन को आरडीएसएस योजना के अन्तर्गत, संचालित कार्यों के लिए 70 करोड़ रुपए अवमुक्त किये जाने के साथ ही आस्था पथ परियोजना, ऋषिकेश के सौन्दर्याकरण के लिए 35.78 करोड रूपए स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। उन्होंनेपावर कारपोरेशन के अन्तर्गत ही निर्माणाधीन योजनाओं को चालू वित्तीय वर्ष में अंशपूजी के रूप में कुल धनराशि 25 करोड एवं भवनों के ऊपर से गुजरने वाली विभिन्न, विभव (वोल्टेज) की विद्युत लाईनों को शिफ्ट किए जाने को 05 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। उन्होंने अर्ध कुम्भ मेला-2027 के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार में श्री प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट का सौन्दर्यीकरण किये जाने को 1.50 करोड़ तथा वीरभद्र बैराज ऋषिकेश से चंडी घाट हरिद्वार तक सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को 4.68 करोड की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित