चम्पावत , अक्टूबर 18 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने एक दिवसीय जिला भ्रमण के दौरान चम्पावत में कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें लगभग 67. 24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28. 75 करोड़ रुपये की पांच नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि चम्पावत को आदर्श जिला के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाना है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराने के लिए प्रयासरत है। नई योजनाओं से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जनपद के समग्र विकास को गति मिलेगी।

विज्ञप्ति के अनुसार इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा और शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाओं का विस्तार होगा। मल्टीलेवल पार्किंग और घंटाघर से पर्यटन और नगरीय सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा, वायरलेस नेटवर्क से आपदा के समय संचार व्यवस्था मजबूत होगी और सोलर स्ट्रीट लाइट से सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था सुधरेगी।

लोकार्पित योजनाओं में नगर पालिका परिषद चम्पावत के तहत नागार्जुन पार्क का विस्तार और सौंदर्यीकरण (1.38 करोड़) तथा शवदाह गृह में विद्युत शवदाह गृह, गैस भट्टी और पारंपरिक विधि की सुविधाएं (1.57 करोड़) शामिल हैं। सड़क संपर्क के क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत टकनागूंठ-डांडामल्ला मोटर मार्ग स्टेज-2 (7.43 करोड़), सिप्टी-न्याड़ी मोटर मार्ग उच्चीकरण (9.23 करोड़), रौसाल-डूंगराबोरा-चकसिलकोट मोटर मार्ग उच्चीकरण (6.88 करोड़) और मरोड़ाखान-छंदा असवाड़ मोटर मार्ग उच्चीकरण (7.19 करोड़) का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के तहत सर्किट हाउस के विस्तारीकरण, उच्चीकरण और अनुरक्षण कार्य (11.41 करोड़), राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चम्पावत में कार्यशाला और तकनीकी प्रयोगशाला (6.76 करोड़) तथा कलेक्ट्रेट चम्पावत के अपूर्ण भवन का निर्माण (3.46 करोड़) लोकार्पित हुए। आपदा प्रबंधन विभाग के तहत नेटवर्क विहीन दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना (4.79 करोड़) और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टनकपुर में 98 बेड के महिला छात्रावास का निर्माण (7.14 करोड़) भी इनमें शामिल हैं।

शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे बड़ी कृषि विभाग के तहत विभिन्न गांवों में चेन लिंक फेंसिंग का कार्य है, जिस पर 14.90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम देचमार, तहसील पाटी में 9.80 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में चार कक्षा-कक्षों का निर्माण (1.28 करोड़), छतार में कुमाऊंनी शैली का घंटाघर (1.11 करोड़) और उरेडा के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना (1.66 करोड़) की भी आधारशिला रखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित