चंपावत , सितंबर 01 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चंपावत के कैलाश चन्द्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में 'खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026' का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ी गहना महर को मशाल सौंपकर आयोजन की शुरुआत की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, निष्पक्षता एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने की शपथ ली तथा योगासन एवं पारंपरिक खेल 'मुर्गा झपट' का प्रदर्शन भी किया गया।

श्री धामी ने कहा कि वर्ष 2017 में शुरू हुआ 'खेल महाकुम्भ' इस वर्ष अपने दसवें संस्करण में प्रवेश कर चुका है। पिछले वर्ष 2.20 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया। इस वर्ष प्रतियोगिताओं को न्याय पंचायत स्तर से लेकर विधानसभा, संसदीय और राज्य स्तर तक और अधिक व्यापक बनाया गया है, ताकि गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष विजेता खिलाड़ियों को डीबीटी के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। साथ ही, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है और अब तक 29 खिलाड़ियों को नियुक्ति मिल चुकी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ से 14 वर्ष तथा मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति एवं अन्य सहायता दी जा रही है। आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, आवास, भोजन, उपकरण, शिक्षा एवं चिकित्सा जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के शिलान्यास और शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ का जिक्र करते हुए खटीमा में नए स्टेडियम के निर्माण की घोषणा को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि 'एक जनपद-एक खेल' के माध्यम से हर जिले की अपनी खेल पहचान विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

खेल महाकुम्भ-2026 के तहत एक से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी, 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी तथा 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन होगा।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों से पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित