नानकमत्ता , अक्टूबर 05 -- त्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नानकमत्ता में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अभियान से पहले उन्होंने सुबह ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। उन्होंने उपस्थित लोगों और आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना सबका सामूहिक दायित्व है। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब कमेटी ने मुख्यमंत्री को सरोपा व स्मृति चिह्न भेंट किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेदाग और समर्पित जनसेवा कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का हर क्षण भारत माता और देशवासियों के उत्थान को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा करने वाले वे देश के एकमात्र नेता हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से शुरू हुआ 'सेवा संकल्प अभियान' पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, इसी कड़ी में आज नानकमत्ता साहिब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख धार्मिक व पर्यटन राज्य है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सरकारी दफ्तरों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
इसी बीच मुख्यमंत्री नानकमत्ता में जगजीत सिंह जग्गा के आवास पर भी पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम ली। मुख्यमंत्री ने परिजनों से भी बातचीत की और जग्गा के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित