खटीमा , मई 25 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने गृह नगर खटीमा में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं से जुड़ी लगभग 89 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।
उन्होंने विकासखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक "दीदी की लाइब्रेरी", 7.50 लाख रुपये की लागत से आधुनिक व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। खटीमा में स्थापित "दीदी की लाइब्रेरी" विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय छात्रों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने लक्ष्य के अनुरूप तैयारी कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। नई लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकें और अध्ययन सामग्री प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा की तैयारी में सहायक होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए भी लगातार कार्य कर रही है और इसी क्रम में इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
व्यायामशाला भवन के आधुनिकीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा दिया जा रहा है और उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त एवं अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल और फिटनेस सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके गृह क्षेत्र के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित