रुद्रपुर/चम्पावत , अप्रैल 29 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है।
इसी क्रम में कुमाऊं मंडल के रुद्रपुर और जनपद चम्पावत में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा फलों, सब्जियों, कोल्ड ड्रिंक और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया है।
रुद्रपुर के बगवाड़ा थोक मंडी में उपायुक्त खाद्य संरक्षा डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए आम, पपीता और बैंगन के तीन नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच का उद्देश्य फलों और सब्जियों में कृत्रिम रंगों और आर्टिफिशियल रिपनिंग एजेंट्स के उपयोग की जांच करना है।
निरीक्षण के दौरान तीन फल एवं सब्जी विक्रेताओं को एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण न होने पर नोटिस भी जारी किए गए। कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि फलों को पकाने के लिए केवल अनुमोदित इथाइलीन रिपनर का ही प्रयोग करें और किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग न करें।
चम्पावत में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न फल-सब्जी प्रतिष्ठानों, बेकरी और किराना दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान केला, आम और सेब के तीन नमूने लिए गए जबकि कोल्ड ड्रिंक और बिस्कुट के भी तीन नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए। इस प्रकार कुल छह नमूने जांच के लिए भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान एक बेकरी में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। साथ ही कारोबारियों को चेतावनी दी गई कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या हानिकारक रसायनों का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या असुरक्षित तत्व पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जानकारों के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित