चम्पावत , अगस्त 11 -- उत्तराखंड के टनकपुर में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को 'सावन उत्सव-2026' का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 10 कर्मठ महिलाओं को 'नंदा शिखर सम्मान' से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, भक्ति और मनोरंजन के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

फाउंडेशन की संस्थापक ट्रस्टी गीता धामी ने कहा कि महिलाएं उत्तराखंड की संस्कृति, खेत खलिहान और आजीविका की मुख्य धुरी हैं। आज महिलाएं शिक्षा, खेल, प्रशासन और उद्यमिता समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं की आत्मनिर्भरता को सशक्तिकरण का आधार बताते हुए कहा कि ऐपण, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद, कृषि, पशुपालन और होमस्टे जैसे क्षेत्रों में महिलाएं रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी ने 'एक पौधा, प्रकृति के नाम' अभियान के तहत चंदन का पौधा रोपा और महिलाओं को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।

सावन उत्सव में 'सुपर ईंजा डांस प्रतियोगिता' और 'मिसेज सावन क्वीन-2026' प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। भगवान शिव-पार्वती की प्रस्तुतियों के साथ सांतूं-आंठू (गौरा-महेश) और झोड़ा-चांचरी की प्रस्तुतियां भी दी गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

सम्मानित महिलाओं में स्वयं सहायता समूह, शिक्षा, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, चिकित्सा सेवा और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में राज्य दर्जा मंत्री हेमा जोशी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा दीपा जोशी, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित