चंडीगढ़ , जून 23 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के एक निरीक्षक और एक जूनियर ऑडिटर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों में रजनीश रामपाल, जो खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, भोगपुर (जालंधर) में तैनात हैं, तथा मानव भनोट, जो जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कार्यालय, जालंधर में जूनियर ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं, शामिल हैं।

प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई संगरूर जिले की सुनाम तहसील के चीमा मंडी निवासी एक व्यक्ति द्वारा मुख्यमंत्री की एंटी करप्शन एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर की गयी। शिकायत की जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी इंस्पेक्टर रजनीश रामपाल ने वर्ष 2025-26 के दौरान कस्टम मिलिंग के लिए आवंटित धान के भंडारण कार्य को पूरा करवाने के बदले शिकायतकर्ता से पहले 50 हजार रुपये रिश्वत ली थी। इसके बाद उसने अपने लिए तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग भोगपुर में तैनात एएफएसओ गुरविंदर सिंह के नाम पर 20 हजार रुपये की दूसरी किस्त भी प्राप्त की।

जांच में यह भी सामने आया कि जूनियर ऑडिटर मानव भनोट ने भी शिकायतकर्ता से उसके शैलर में धान भंडारण प्रक्रिया पूरी करवाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत ली। यह राशि उसने अपने लिए तथा जिला नियंत्रक नरिंदर सिंह के नाम पर प्राप्त की थी।

इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित