मेदिनीपुर , अक्टूबर 25 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि राज्य सरकार धान किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के ऊपर 200 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस प्रदान करेगी। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं में उच्च कृषि उत्पादन, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को गिनाया।

पूर्वी मेदिनीपुर के रामनगर में कोजागरी लक्ष्मी पूजा के अवसर पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि मालदा और पश्चिम मेदिनीपुर के कुछ इलाकों में बाढ़ के बावजूद इस साल राज्य में धान और अन्य कृषि पैदावार में पर्याप्त वृद्धि की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "हम उचित मूल्य पर उपज की खरीद करेंगे। पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक धान किसान को एमएसपी के अतिरिक्त 200 रुपये प्रति क्विंटल प्रदान करेगी।"मुख्यमंत्री ने कहा कि यह त्योहार राज्य की आर्थिक समृद्धि की शुरुआत साबित होना चाहिए, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों और प्रवासी मजदूर अपने घर लौट सकें।

श्री अधिकारी ने कहा कि रोजगार बढ़ाने के लिए राज्य सरकार औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान लगाएगी। उन्होंने दावा किया कि 35 संभावित निवेशकों को पहले ही भूमि आवंटित की जा चुकी है और पात्र निवेशकों को आगे भी भूमि दी जाएगी। स्थानीय श्रमिकों को प्रशिक्षित करने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए सरकार औद्योगिक समूहों तथा शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम कर रही है।

पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस के पुलिस मेले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 500 उम्मीदवारों का चयन किया गया है और वे स्वयं उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। उन्होंने कहा कि कई घरेलू औद्योगिक समूहों और विदेशी निवेशकों ने भी पश्चिम बंगाल में निवेश करने में रुचि व्यक्त की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित