करीमनगर , मई 5 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने तेलंगाना सरकार और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के खिलाफ आक्रामक रूख अपनाते हुए कहा है कि वे भाजपा की हालिया चुनावी जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे से ध्यान भटकाने के लिए सीबीआई जांच के बहाने 'नाटक' कर रहे हैं।
श्री बंदी संजय ने करीमनगर जिले के काजीपुर में धान खरीद केंद्र का दौरा करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य भर के किसान अपनी उपज बेचने के लिए भीषण गर्मी में कई दिनों तक इंतजार करने को मजबूर हैं और भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार खरीद केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया कराने में विफल रही है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि 'तारे' (खाली बोरी का वजन) और 'नमी/सिकुड़न' की वजह से फसल का वजन ज्यादा दिख रहा है, के बहाने कटौती कर किसानों का शोषण किया जा रहा है। इससे प्रति बोरी कई किलोग्राम का नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलिये खरीद टोकन जारी करने के लिए भी कमीशन की मांग कर रहे हैं, जिससे औसतन प्रति किसान 20,000 रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान हो रहा है।
खरीद प्रबंधन को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने भारी आवक के बावजूद धान की खरीद में देरी पर सवाल उठाये। उन्होंने मांग की कि मनमानी कटौती के बिना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करते हुए खरीद प्रक्रिया में तेजी लायी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित