मुरादाबाद , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था सख्त कर दी है। गौरतलब है कि जिले के 64 धान क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की जा रही है। इनमें खाद्य विभाग के 27 और भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र समेत कुल 28 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की कम से कम 15 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि खरीद प्रक्रिया पर नजर रखने के साथ किसी भी तरह की अनियमितता की जांच की जा सके।

इसके साथ ही, धान खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी क्रय केंद्रों पर किसान आगमन रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें किसान का नाम, वाहन संख्या और केंद्र पर पहुंचने का समय अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाएगा।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा है कि यदि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई अनियमितता या गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित