हरिद्वार , सितंबर 19 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में खरीफ खरीद सत्र 2026-27 में किसानों से धान की खरीद को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला खरीद अधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में धान खरीद व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिला में किसानों की सुविधा के लिए 48 धान क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे, जबकि आठ अतिरिक्त केंद्र प्रस्तावित हैं।
अपर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलदारों को ग्रामवार एवं किसानवार सूची समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। क्रय संस्थाओं को समय पर केंद्र स्थापित करने के साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छाया, तुलाई समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। मंडी समिति को इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, छलना और त्रिपाल सहित जरूरी सामग्री समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को क्रय केंद्रों पर भारत सरकार के धान खरीद मानकों की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इनमें 17 प्रतिशत नमी सहित अन्य गुणवत्ता मानक शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि केन्द्र सरकार के 'भारत खरीद' ऐप के माध्यम से किसानों का बायोमैट्रिक पंजीकरण किया जाएगा, जिससे धान खरीद प्रक्रिया को और सरल एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित