हरिद्वार , अगस्त, 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के अंतर्गत धान खरीद की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। केन्द्र सरकार के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में किसानों का पंजीकरण सात जुलाई से स्मार्ट पीडीएस एप एवं किसान पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है।
शनिवार को उप संभागीय विपणन अधिकारी प्रमोद सती ने जिले के सभी किसान बंधुओं से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि वे आगामी खरीद सत्र में अपनी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त कर सकें।
श्री सती ने बताया कि खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के तहत धान की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से प्रारंभ होगी। पंजीकरण के बाद किसान अपने निकटतम धान क्रय केंद्र पर अपनी उपज बेच सकेंगे। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं किसान पोर्टल पर, संबंधित क्रय केंद्र पर जाकर अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने इस सत्र के लिए कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि पंजीकरण के समय आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण एवं भू-अभिलेख साथ रखें तथा फेस रिकग्निशन आधारित ई-केवाईसी के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि इससे पंजीकरण प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनेगी। उन्होंने किसानों से यह भी अनुरोध किया कि वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ एवं सूखा धान ही क्रय केंद्रों पर लेकर आएं, ताकि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित