रायपुर, 05 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने धान खरीदी को लेकर राज्य सरकार के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों को समृद्ध और उन्नत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री साहेब ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार देश में किसानों को धान का सबसे अधिक समर्थन मूल्य दे रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो। उन्होंने बताया कि किसानों की संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी की अवधि दो दिन और बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी किसान धान बेचने से वंचित न रह जाए।
धान खरीदी की तिथि बढ़ाने को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर मंत्री ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर सवाल पूछने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों के साथ छल किया और चौथी किस्त तक नहीं दी, जबकि अब वही पार्टी किसानों के नाम पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों से जुड़ी हुई सरकार है और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का लक्ष्य कोई सपना नहीं, बल्कि सरकार की ठोस प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
मंत्री ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा। इस दिशा में कौशल विकास प्राधिकरण लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडूम इसके जीवंत उदाहरण हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित