कोरबा , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले अवैध भंडारण और बिचौलियों की संभावित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में कटघोरा क्षेत्र में तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 250 बोरी मोटा धान जब्त किया गया है।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कटघोरा एसडीएम विपिन दुबे के मार्गदर्शन में संयुक्त उड़नदस्ता दल ने विभिन्न गोदामों और परिसरों की जांच की। इस दौरान दिलीप अग्रवाल के गोदाम से 75 बोरी, यतीश जायसवाल के गोदाम सह मकान से 50 बोरी और पवन अग्रवाल के गोदाम से 125 बोरी मोटा धान बरामद किया गया। इस प्रकार तीनों स्थानों से कुल 250 बोरी धान जब्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि कोरबा जिले में आगामी 15 नवंबर से पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू की जानी है। खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ होने से पहले प्रशासन ने धान के अनधिकृत भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ बिचौलिए किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य का अनुचित लाभ उठाने के उद्देश्य से पहले ही धान का भंडारण कर सकते हैं। ऐसी गतिविधियों की रोकथाम के लिए जिले में जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित