चंडीगढ़ , सितंबर 20 -- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं राज्य कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को धान की सरकारी खरीद 21 सितंबर तक शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में धान पहुंचने के बावजूद खरीद शुरू नहीं होने से किसान परेशान हैं और उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

श्री बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को धान में नमी की निर्धारित सीमा 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करनी चाहिए। उनका कहना है कि धान की फसल में पानी की मात्रा अधिक होने के कारण नमी ज्यादा रहती है। नमी के नाम पर किसानों और आढ़तियों के भुगतान में कटौती करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि धान का कमीशन 55 रुपये की बजाय 61.52 रुपये पूरा दिया जाना चाहिए। उनके अनुसार 2.5 प्रतिशत की दर से कमीशन 61.52 रुपये बनता है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद का आढ़तियों का करीब 40 करोड़ रुपये कमीशन छह महीने से बकाया है, जबकि धान खरीद का भी पूरा कमीशन नहीं मिला है।

श्री गर्ग ने सरकार से आढ़तियों का कमीशन 2.50 प्रतिशत से बढ़ाकर तीन प्रतिशत करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरसों और कपास सहित कई फसलों पर आढ़तियों की आढ़त खत्म की जा रही है और भुगतान में भी देरी हो रही है। इससे आढ़तियों में सरकार के प्रति नाराजगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित