मोहाली , अक्टूबर 16 -- पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को भगोमाजरा गांव की अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने धान की खरीद और उठान में देरी पर चिंता जताते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा और मार्कफेड के प्रबंध निदेशक विशेष सारंगल से फोन पर बात की और फसल का तत्काल उठान सुनिश्चित करने की मांग की।

श्री सिद्धू ने कहा कि पंजाब की मंडियों में खरीद व्यवस्था की बदहाली के कारण किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में भटकना पड़े और सरकार मूकदर्शक बनी रहे, यह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि सनेटा मंडी में गेहूं करीब छह महीने से पड़े होने की शिकायत है, जिससे जगह की कमी पैदा हो गयी है। भंडारण के लिए पर्याप्त जगह और उचित व्यवस्था नहीं होने से खरीद प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि चावल मिल मालिकों की कथित मनमानी और खरीद एवं उठान संबंधी समस्याओं का खामियाजा किसानों को नहीं भुगतना चाहिए। फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

श्री सिद्धू ने धान की कीमत में प्रति क्विंटल 70 से 80 रुपये तक की कटौती किए जाने संबंधी शिकायतों को भी गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की उपज के मूल्य से बिना उचित आधार के कटौती की जा रही है, तो यह उनकी मेहनत की कमाई के साथ अन्याय है। सरकार को इन शिकायतों की तत्काल जांच कर कटौती के कारण स्पष्ट करने चाहिए और किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाना चाहिए। उन्होंने मंडियों में बिजली आपूर्ति सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की भी मांग की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरते हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी ही फसल बेचने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार को विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों से आगे बढ़कर मंडियों में किसानों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और उनके साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर खरड़ मार्केट कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरकेश चंद शर्मा मछली कलां, बलजीत सिंह भगोमाजरा, भगोमाजरा के पूर्व सरपंच अवतार सिंह तारी, गांव के नंबरदार भूपिंदर सिंह, गगनदीप सिंह बैरोंपुर, चरनजीत सिंह मंगा भगोमाजरा और करमजीत सिंह भगोमाजरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित