गोपालगंज, अक्टूबर 30 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी (डीएम)समीर सौरभ की उपस्थिति में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति को लेकर शुक्रवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई।बैठक में किसान निबंधन, समितियों के चयन एवं लक्ष्य आवंटन, राइस मिल निबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को किसान निबंधन में तेजी लाने के निर्देश दिया, जिससे सभी योग्य किसानों को धान अधिप्राप्ति का लाभ मिल सके।
उल्लेखनीय है कि जिले में धान अधिप्राप्ति के लिए कुल 174 समितियों का चयन किया गया है।
शत-प्रतिशत सीएमआर (समतुल्य चावल) की आपूर्ति नहीं करने वाली समितियों को विस्तारित तिथि 10 नवंबर 2026 तक शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। संयुक्त जांच दल (जेपीवी) द्वारा समितियों में भंडारित अवशेष धान की जांच में जहां मात्रा में कमी पाई गई है, वहां संबंधित समितियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित