भिण्ड , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इंदौर में एक कांग्रेस पार्षद द्वारा वंदेमातरम गायन में शामिल न होने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म से ऊपर राष्ट्र है और राष्ट्रप्रेम की भावना हर व्यक्ति में होना चाहिए।

यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी कांग्रेस वंदेमातरम और देशभक्ति की भावना से नहीं जुड़ सकी है। उन्होंने कहा कि इंदौर की पार्षद द्वारा वंदेमातरम में शामिल न होना उन शहीदों का अपमान है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि वंदेमातरम को डेढ़ सौ वर्ष हो चुके हैं और इसके सम्मान में पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। किसी भी धर्म के बावजूद राष्ट्रगान और देशभक्ति के प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने इसे देश और देश के वीरों का अपमान बताया।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस स्वयं को राष्ट्रवादी संगठन बताती है, ऐसे में उसे अपने पार्षद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। भिण्ड जिले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच तालमेल को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और इसे व्यक्तिगत मुद्दा बताया। इससे पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और दावा किया कि आगामी चुनाव में भिण्ड जिले की सभी सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित