बैतूल , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के ग्राम घुघरी में धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रलोभन देने के मामले में फरार आरोपी गुणवंत मालेवार की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार भैंसदेही थाने में धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत दर्ज अपराध क्रमांक 283/2026 में ग्राम गदराझिरी निवासी गुणवंत पिता परसराम मालेवार फरार चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। भैंसदेही थाने में वर्ष 2020 में उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए, 294 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
वर्तमान मामले में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में विशेष टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने वाले को नियमानुसार इनाम दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित