देवरिया , अगस्त 26 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है, जबकि आम जनता महंगाई और अन्य समस्याओं से जूझ रही है।
पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों के साथ दोपहिया वाहनों के माइलेज में कमी आने से भी उपभोक्ताओं का खर्च बढ़ रहा है।
उन्होंने सवाल किया कि तेल की खपत बढ़ने से आखिर किसे लाभ मिल रहा है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। श्री दत्त ने देवरिया की बंद चीनी मिलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक समय देवरिया को 'चीनी का कटोरा' कहा जाता था। उन्होंने दावा किया कि जिले में चीनी की सभी मिलें कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में स्थापित हुई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार गन्ना किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
कांग्रेस नेता ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े भूमि सौदों में कथित अनियमितताओं का भी जिक्र किया और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने वाली पार्टी है तथा सरकार को पवित्र सावन माह में भी जनता से झूठ नहीं बोलना चाहिए।
श्री दत्त ने कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और आम जनता, किसानों तथा उपभोक्ताओं से जुड़े सवालों को राजनीतिक मंच पर प्रमुखता से उठाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित