चंडीगढ़ , मई 30 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि सिख समाज ने धर्म संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए अतुलनीय बलिदान दिए हैं। सिखों की वीरता, त्याग और समर्पण पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं ने सेवा, समानता और साहस का मार्ग दिखाया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में सिख संगत द्वारा आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने शनिवार को कहा कि गुरु नानक देव से लेकर गुरु गोबिंद सिंह तक सभी गुरुओं ने मानवता को नई दिशा दी। गुरु तेग बहादुर और चारों साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। करतारपुर कॉरिडोर, विरासत सर्किट विकास और वीर बाल दिवस जैसे कदम सिख इतिहास और परंपराओं को सम्मान देने के उदाहरण हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने यमुनानगर मेडिकल कॉलेज, अंबाला पॉलिटेक्निक और टोहाना-जींद-धमतान साहिब मार्ग का नाम गुरु तेग बहादुर के नाम पर रखा है। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और स्मारकों के माध्यम से सिख गुरुओं और महान विभूतियों की स्मृतियों को संरक्षित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित