देवरिया , जुलाई 25 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तर प्रदेश के देवरिया में शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों की जीत बताया तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार छात्रों, युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाया जाना चाहिए। साथ ही अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में जनता का विश्वास बहाल हो सके।

उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होता है। यदि छात्रों का परीक्षा व्यवस्था से विश्वास उठता है तो यह देश के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसलिए सरकार को युवाओं की आशंकाओं और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, युवाओं के अधिकारों की रक्षा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष श्री रोशन ने कहा कि इस घटनाक्रम ने छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही के महत्व को रेखांकित किया है और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए आगे भी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देश के करोड़ों छात्र-युवाओं की जीत है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित