मुम्बई , अगस्त 06 -- धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) से 'अनापत्ति प्रमाणपत्र ' (एनओसी) ले लिया है। उम्मीद है कि वह आगामी घरेलू सीजन में छत्तीसगढ़ की टीम से खेलेंगे। 36 साल के इस बाएं हाथ के स्पिनर जडेजा ने 100 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और पिछले 13 सालों से सौराष्ट्र क्रिकेट का अहम हिस्सा रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले घरेलू सीज़न से पहले एससीए, टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ी के बीच बातचीत हुई थी, जिसके बाद उन्हें एनओसी दे दिया गया।
धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने 100 प्रथम श्रेणी मैचों के अलावा 90 लिस्ट-ए मैच और 73 टी-20 मैच भी खेले हैं। माना जा रहा है कि बातचीत मुख्य रूप से व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में उनकी भूमिका को लेकर हुई थी। जहाँ सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) और टीम प्रबंधन का मानना था कि उन्हें लाल गेंद क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए, वहीं खिलाड़ी व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी खेलना जारी रखना चाहते थे।
2019-20 और 2022-23 में सौराष्ट्र की रणजी ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे जडेजा ने 100 फर्स्ट-क्लास मैचों में 423 विकेट लिए हैं। 2017-18 सीज़न के बाद से, घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट में किसी भी अन्य गेंदबाज ने उनसे ज़्यादा विकेट नहीं लिए हैं (उन्होंने 293 विकेट लिए हैं)। एससीए के एक अधिकारी ने कहा, "हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।"इसके अलावा, विदर्भ के ललित यादव और बड़ौदा के निनाद रथवा आने वाले घरेलू सीजन में ओडिशा की टीम से खेलेंगे। 29 साल के ऑफ-स्पिनिंग ऑलराउंडर यादव और 27 साल के ऑलराउंडर रथवा ने अपने-अपने राज्य संघों - विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) और बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) से 'अनापत्ति प्रमाण पत्र' (एनओसी) ले लिया है। ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के एक अधिकारी ने पुष्टि की है कि दोनों को आने वाले सीजन के लिए प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित