रुद्रपुर , मई 18 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में धर्मांतरण के मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को कैंप कार्यालय में शांति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को धर्मांतरण, नशा, अतिक्रमण और अवैध धार्मिक संरचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि धर्मांतरण कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण करने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) वर्ग के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। उन्होंने ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2018 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। धर्मांतरण से जुड़े संभावित स्थलों, भवनों और प्रार्थना स्थलों की नियमित निगरानी एवं उनकी वैधानिक स्थिति की जांच करने के निर्देश भी दिए गए। शिकायत मिलने पर तत्काल विधिक कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध धार्मिक संरचनाओं के मामले में जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि अथवा नियमों के विपरीत निर्मित ढांचों के खिलाफ निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध धार्मिक संरचनाओं को चिन्हित कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कल्याणी नदी में हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश नगर निगम, सिंचाई विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को दिए, ताकि वर्षाकाल में शहर में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा, पॉक्सो मामलों, चोरी, गृहभेदन, नशा कारोबार, नशीले इंजेक्शन और मिलावटी दवाइयों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक विवादों और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही औद्योगिक संस्थानों में श्रमिकों को निर्धारित वेतन दिए जाने की भी जांच करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित